पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मुसाबनी थाना क्षेत्र के सुरदा में यूनियन बैंक के पास हुआ, जब एक स्कूटी पर सवार चार युवक सड़क किनारे खराब खड़ी हाइवा से जा टकराए।
हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी सहित चारों युवक हाइवा के नीचे घुस गए। टक्कर के बाद मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
घर लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घाटशिला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर निवासी राहुल कर्मकार अपने दो सगे भाइयों रोहित कर्मकार (21), समीर कर्मकार (18) और भांजे राज गोप (17) के साथ दिन में सुरदा अपनी ससुराल गया था।
शुक्रवार रात चारों एक ही स्कूटी पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे के कारण सड़क किनारे खड़ी हाइवा नजर नहीं आई और स्कूटी उससे टकरा गई।
तीन की मौत, एक की हालत नाजुक
हादसे में रोहित कर्मकार, समीर कर्मकार और राज गोप की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं राहुल कर्मकार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से पहले घाटशिला अनुमंडल अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही घाटशिला और मुसाबनी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इलाके में शोक की लहर
हादसे की खबर फैलते ही जगन्नाथपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि रोहित और राहुल दोनों शादीशुदा थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे बिना संकेतक खड़ी हाइवा किसकी थी और लापरवाही किस स्तर पर हुई।






