Latehar : जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुग्गा बांध फॉल में सेल्फी लेने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पैर फिसलने से गढ़वा निवासी एक युवक गहरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान आयुष तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथियों के साथ सुग्गा बांध फॉल घूमने आया था। इसी दौरान सेल्फी लेने के प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। काफी प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे के दौरान एक अन्य युवक भी पानी में फंस गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसकी जान बचा ली गई।
परिजनों के अनुसार, आयुष तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासन ने पर्यटकों से जलप्रपातों और गहरे जलाशयों के समीप सेल्फी लेने या जोखिम भरे स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।



