Ranchi : राजधानी रांची में रिंग रोड के विकास चौक स्थित टोयोटा शोरूम के पास हुई फायरिंग की घटना का जिम्मा Rahul Singh गिरोह ने लिया है। गिरोह की ओर से सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया गया है कि इस गोलीबारी को उनके ही गुर्गों ने अंजाम दिया है।
गिरोह ने अपने संदेश में जय शंकर नामक व्यक्ति को इस पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उसे अंतिम चेतावनी दी है। साथ ही खुले तौर पर धमकी दी गई है कि यदि उनकी बातों को नहीं माना गया, तो पलामू से लेकर पटना तक AK-47 तैयार है।
सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया है कि इस बार केवल शोरूम को निशाना बनाया गया, लेकिन अगली बार सीधे संबंधित व्यक्ति पर हमला किया जाएगा। इस धमकी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
इधर, रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फायरिंग की घटना और वायरल सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


