Ranchi : रांची समेत पूरे झारखंड में भीषण ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार को भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली और कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची जिले के मैकलुस्कीगंज में दर्ज किया गया, जहां पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह तापमान गोर्डन गेस्ट हाउस में लगे यंत्र से मापा गया।
राजधानी रांची के कांके इलाके में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री जबकि शहर का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा लोहरदगा में 3.1 डिग्री, खूंटी में 5 डिग्री और गुमला में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
⛅ आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले 24 घंटों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय मध्यम स्तर का कुहासा छाया रह सकता है। हालांकि बुधवार से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है और शीतलहर की तीव्रता में कमी आएगी।
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, रामगढ़, खूंटी, गुमला और सिमडेगा में सुबह के समय कनकनी बनी रह सकती है।
✈️ कुहासे से विमान सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे के कारण सोमवार को रांची एयरपोर्ट से इंडिगो की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें कोलकाता-रांची की दो, दिल्ली-रांची की एक और पटना-रांची की एक उड़ान शामिल है। इसके अलावा छह उड़ानें एक से तीन घंटे की देरी से संचालित हुईं।
🌡️ धनबाद में तापमान बढ़ा, ठंड बरकरार
धनबाद में बीते 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन इसके बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली। दिन में ठंडी हवाएं और रात में बढ़ती कनकनी लोगों को परेशान कर रही है।






