Ramgarh : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में चलाया गया मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। अभियान के तहत जिले के बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और अप्रमाणित प्रपत्रों का वर्गीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया गया।
उपायुक्त ऋतुराज ने गुरुवार को बताया कि जिले में कुल 7,55,455 मतदाता हैं। सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र मुद्रित कर उनका वितरण किया गया। इनमें से 6,21,238 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया गया, जबकि 1,34,217 प्रपत्र अप्रमाणित पाए गए, जिनका विस्तृत वर्गीकरण किया गया है।
अप्रमाणित प्रपत्रों में 19,800 मृत मतदाता, 55,014 स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित, 12,437 पहले से अन्य स्थान पर नामांकित, 46,198 अनुपस्थित तथा 768 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जिले के 100 प्रतिशत मतदाताओं का कवरेज सुनिश्चित किया गया है।
बड़कागांव विधानसभा का विवरण
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,90,873 मतदाता हैं। यहां 3,90,867 प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन किया गया। इस क्षेत्र में 75,167 मतदाता अप्रमाणित पाए गए, जिनमें:
- 10,344 मृत
- 38,756 स्थायी रूप से स्थानांतरित
- 7,227 पहले से अन्य स्थान पर नामांकित
- 18,472 अनुपस्थित
- 368 अन्य श्रेणी
के मामले शामिल हैं।
रामगढ़ विधानसभा का विवरण
रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,64,582 मतदाता हैं। यहां 3,64,490 प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन किया गया। इस क्षेत्र में 59,050 मतदाता अप्रमाणित दर्ज किए गए, जिनमें:
- 9,456 मृत
- 16,258 स्थायी रूप से स्थानांतरित
- 5,210 पहले से अन्य स्थान पर नामांकित
- 27,726 अनुपस्थित
- 400 अन्य श्रेणी
के मामले शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही अंतिम मतदाता सूची में शामिल हों।



