Ramgarh : जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान संगीता और उसके दो बेटों रामकिशुन व साहिल के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार में बीमारी फैलने के बाद इलाज के साथ झाड़-फूंक का सहारा लेने की बात सामने आई है।
दोनों बेटों की तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत
बताया जा रहा है कि दोनों बेटों की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जांच के दौरान मलेरिया और टाइफाइड की बात सामने आई थी।
हालांकि, परिजनों ने कथित तौर पर चिकित्सकीय उपचार के साथ झाड़-फूंक का भी सहारा लिया। हालत बिगड़ने के बाद दोनों बेटों की मौत हो गई।
मां संगीता ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ा
दोनों बेटों की हालत बिगड़ने के बाद उनकी मां संगीता की तबीयत भी खराब हो गई। उन्हें रामगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।
रिम्स में इलाज के दौरान देर रात संगीता ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद पाली गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस कर रही मौत के कारणों की जांच
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।