Patna : बिहार के करीब 6 लाख सरकारी शिक्षकों के लिए बहुप्रतीक्षित तबादला प्रक्रिया शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने ई-शिक्षकोष (e-Shikshakosh) पोर्टल आज से खोल दिया है। पात्र और इच्छुक शिक्षक 29 जुलाई से 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, पूरी ट्रांसफर प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और 31 अक्टूबर तक अंतिम तबादला आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
तीन चरणों में पूरी होगी ट्रांसफर प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा करने का निर्णय लिया है।
पहला चरण (7 अगस्त से 9 सितंबर)
इस दौरान समायोजन और समानुपातीकरण की प्रक्रिया होगी। जिन स्कूलों में शिक्षकों की संख्या आवश्यकता से अधिक या कम है, वहां जरूरत के अनुसार शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा। विभाग पहले प्रारंभिक सूची जारी करेगा, फिर आपत्तियां प्राप्त कर उनका निपटारा करेगा और उसके बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
दूसरा चरण (10 से 14 सितंबर)
इस चरण में पारस्परिक (म्यूचुअल) ट्रांसफर होंगे। यदि दो शिक्षक आपसी सहमति से एक-दूसरे के स्थान पर स्थानांतरण चाहते हैं, तो उनके आवेदन पर जिला, प्रमंडल और राज्य स्तरीय समितियां निर्णय लेंगी।
तीसरा चरण (17 से 23 सितंबर)
सामान्य ट्रांसफर के लिए आवेदन इस चरण में लिए जाएंगे। इससे पहले 16 सितंबर को रिक्त पदों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षक अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसके बाद 24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच ट्रांसफर सूची जारी होगी, आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा और अंतिम स्थानांतरण आदेश जारी किए जाएंगे।
पूरी प्रक्रिया रहेगी ऑनलाइन
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से लेकर सूची जारी करने और अपील के निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। विभाग का कहना है कि नई व्यवस्था से स्थानांतरण प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होगी। साथ ही जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी या अधिकता है, वहां संतुलन स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के शिक्षक भी कर सकेंगे आवेदन
संशोधित नियमों के तहत इस बार बीपीएससी की TRE-1, TRE-2 और TRE-3 भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्त शिक्षक भी, भले ही वे अभी प्रोबेशन अवधि में हों, निर्धारित शर्तों के अनुसार ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे। लंबे समय से शिक्षक इस सुविधा की मांग कर रहे थे।
रिश्वतखोरी पर विभाग की सख्त चेतावनी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रांसफर के नाम पर यदि कोई शिक्षक किसी अधिकारी को रिश्वत देने का प्रयास करता है या कोई अधिकारी रिश्वत मांगता अथवा स्वीकार करता है, तो दोनों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रांसफर प्रक्रिया की प्रमुख तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन: 29 जुलाई से 5 अगस्त
- समायोजन एवं समानुपातीकरण: 7 अगस्त से 9 सितंबर
- पारस्परिक (म्यूचुअल) ट्रांसफर: 10 से 14 सितंबर
- रिक्त पदों की सूची जारी: 16 सितंबर
- सामान्य ट्रांसफर के लिए आवेदन: 17 से 23 सितंबर
- अंतिम ट्रांसफर सूची एवं आदेश: 24 सितंबर से 31 अक्टूबर


