Munger: बिहार के मुंगेर जिले में चोरों ने एक CRPF जवान के बंद घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र की आईटीसी कॉलोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के गहने, 56 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना का पता मंगलवार सुबह चला, जब जवान के परिजन घर की सफाई करने पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह महीने से बंद था घर
जानकारी के अनुसार, CRPF जवान मोहम्मद खुर्शीद आलम की तैनाती दिल्ली में है। वह करीब छह महीने पहले मुंगेर से ड्यूटी पर गए थे। इसके बाद से उनका आईटीसी कॉलोनी स्थित आवास बंद था। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया। मंगलवार सुबह जवान के परिजन मोहम्मद नदीम घर की सफाई करने पहुंचे। वहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाने पर अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर करीब 20 लाख रुपये के गहने, 56 हजार रुपये नकद, कपड़े, एलईडी टीवी और अन्य कीमती सामान गायब मिले।
Also Read: युवक के झोले से मिला दुर्लभ सांप, पुलिस को देखकर दो साथी फरार – PRATAH NEWZ
पुलिस ने शुरू की जांच
चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद असलम अंसारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग
चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। स्थानीय निवासी रमन कुमार, जफर आलम और फिरोज आलम ने आरोप लगाया कि इलाके में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस चोरी के मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव, गार्ड घायल; 15 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन – PRATAH NEWZ




