Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए गुरुवार को स्विट्ज़रलैंड के ज्यूरिख पहुंचे। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि भारतीय राजदूत से मुलाकात कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि वह प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए समावेशी विकास पर केंद्रित वैश्विक बैठक में झारखंड और भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड राज्य खनन, विनिर्माण, अवसंरचना और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं प्रदान करता है। दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री वैश्विक उद्योग जगत के शीर्ष प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और झारखंड को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करेंगे।
इस दौरान कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ निवेश प्रस्तावों और साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के फोकस सेक्टर में नए निवेश अवसरों को आगे बढ़ाना और वैश्विक स्तर पर राज्य की मजबूत छवि स्थापित करना है।



