Ranchi : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित प्रेमनगर निवासी समाजसेवी बजरंग महतो से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर दो दिनों के भीतर रकम देने की धमकी दी गई। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और फौजी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।
इस मामले को लेकर बजरंग महतो ने नगड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, धमकी देने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



