- झारखंड में धुर्वा से होगा शताब्दी समारोह का शुभारंभ, सेवा, वैदिक शिक्षा और गोरक्षा को दी जाएगी गति
मुकेश रंजन
Ranchi : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने श्रद्धेय अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर झारखंड समेत देशभर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सेवा-आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। विहिप के अनुसार, शताब्दी समारोह का झारखंड में भव्य उद्घाटन धुर्वा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में होगा। कार्यक्रम में पूरे प्रांत से कार्यकर्ता और सनातन समाज के प्रबुद्धजन शामिल होंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक सच्चिदानंद अग्रवाल होंगे। मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय मंत्री एवं केंद्रीय विशेष संपर्क प्रमुख सह पटना क्षेत्र के पालक अधिकारी अम्बरीष होंगे। प्रसिद्ध लोक कवि एवं गायक पद्मश्री मुकुंद नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में विहिप झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने बताया कि वर्षभर सेवा कार्यों के विस्तार, वैदिक शिक्षा, गोरक्षा, धर्मांतरण के विरुद्ध जागरूकता तथा मंदिरों से जुड़े विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, महानगर अध्यक्ष कैलाश केशरी, प्रांत प्रचार प्रमुख प्रकाश रंजन, अमरनाथ ठाकुर और अनिल तिवारी मौजूद थे।



