Ranchi : वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन (WMSKF) झारखंड द्वारा मार्शल आर्ट के महानायक ब्रूस ली की 85वीं जन्म जयंती सोमवार, 27 नवंबर 2025 को अशोक नगर कराटे क्लब में बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कराटे खिलाड़ी, प्रशिक्षक और प्रशंसक शामिल हुए।
जयंती समारोह में WMSKF झारखंड के सचिव विनीत कुमार यादव ने बच्चों और खिलाड़ियों को ब्रूस ली के जीवन, उनकी उपलब्धियों और उनकी प्रेरणादायक सोच के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ब्रूस ली का जन्म 27 नवंबर 1940 को सैन फ्रांसिस्को, अमेरिका में हुआ था। वे केवल एक महान मार्शल आर्टिस्ट ही नहीं, बल्कि एक उत्कृष्ट अभिनेता, दार्शनिक और फिल्म निर्देशक भी थे। उनकी जीवन शैली और अनुशासन आज भी दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स और कई वरिष्ठ प्रशिक्षकों ने भी बच्चों को ब्रूस ली के सिद्धांतों—कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास—के महत्व को समझाया। इस अवसर पर सेंसेई अंजलि, सेंसेई जय गोविंद सिंह, आशुतोष कुमार, मानसी सिंह, रीवान, त्रिसांग, नंदिनी, सुचेता, बेदांत, शांभवी, निहालिका, हंसल, तिश्या, अपूर्व, रोहिणी, प्रिसा, स्वर्णिम, आश्वी सहित अनेक खिलाड़ी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों ने ब्रूस ली के प्रसिद्ध उद्धरणों और आत्मरक्षा तकनीकों पर आधारित प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षकों ने बताया कि ऐसे अवसर युवा मार्शल आर्ट खिलाड़ियों में ऊर्जा और उत्साह भरते हैं तथा उन्हें अपने लक्ष्यों की ओर समर्पित भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ब्रूस ली के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। WMSKF झारखंड ने घोषणा की कि संस्था आगे भी ऐसे प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी ताकि युवा प्रतिभाओं को सही दिशा और प्रोत्साहन मिलता रहे।

