Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बाघमारा थाना क्षेत्र के ब्लॉक-2 स्थित जमुनिया इलाके में अवैध खनन के दौरान खदान की चाल धंस गई, जिससे नौ मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे में और भी मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
हरमनप्रीत के शतक से भारत ने इंग्लैंड को हराया, सीरीज 2-1 से जीती
इस दुखद घटना पर पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया मृतकों के शवों को छुपाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस खनन में शामिल चुनचुन नामक व्यक्ति को कथित रूप से प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है। सरयू राय ने इस पूरे मामले की जानकारी धनबाद एसएसपी को भी दे दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाघमारा और उसके आसपास के इलाकों में वर्षों से अवैध खनन का सिलसिला जारी है। इसके पीछे एक मजबूत माफिया नेटवर्क सक्रिय है, जिसे प्रशासन की नज़रअंदाज़ी या मिलीभगत का लाभ मिलता रहा है।
यह कोई पहली बार नहीं है जब अवैध खनन के चलते मजदूरों की जान गई हो। कुछ ही सप्ताह पहले इसी क्षेत्र में एक अन्य अवैध खदान दुर्घटना में चार मजदूरों की मौत हो चुकी है। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही वे यह भी चाहते हैं कि अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
धनबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्र में अवैध खनन का यह अंधाधुंध खेल न केवल मजदूरों की जान ले रहा है, बल्कि कानून व्यवस्था और प्रशासन की साख पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रहा है।



