Ranchi: रांची के कांके इलाके में करीब दो सप्ताह पहले हुए भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में फरार चल रहे शूटर अमन सिंह सहित चार अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हत्या जमीन विवाद के चलते अंजाम दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी चंदन सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि हत्या वाले दिन ही पुलिस ने एक अन्य शूटर रोहित वर्मा को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शूटर अमन सिंह मौके से फरार हो गया था। टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस ने अब अमन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, रांची पुलिस गुरुवार की देर शाम तक पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को हत्याकांड के पीछे के षड्यंत्र और शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी के लिए अहम माना जा रहा है।



