बदल गया मौसम का मिजाज, झारखंड में 30 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
Ranchi : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 27 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 27 और 28 अप्रैल को राज्य के अनेक जिलों में अचानक तेज मौसमीय गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसे देखते हुए रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका जताई गई है। वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में तेज हवा और मेघगर्जन के आसार हैं।
मौसम विभाग की सलाह:
- किसान भाई फसल और मवेशियों की सुरक्षा के उपाय करें।
- खुले में रहने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
- बिजली गिरने की स्थिति में पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
राज्य भर में मौसम के इस बदले तेवर से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अलर्ट रहने की अपील की है।



