Ranchi : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), रांची की खेल टीम 2 से 5 मई तक अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में आयोजित अखिल भारतीय कृषि विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु मंगलवार को रवाना हुई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बीएयू के 10 कॉलेजों के कुल 30 छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
Also Read : रिम्स OPD में शुरू हुई ई-प्रिस्क्रिप्शन सुविधा, इलाज होगा अब और भी आसान
टीम का नेतृत्व बीएयू के पौधा रोग विभाग के वैज्ञानिक एवं टीम मैनेजर डॉ. मनोज कुमार बर्णवाल कर रहे हैं। टीम में 20 छात्र एवं 10 छात्राएं शामिल हैं। इन खिलाड़ियों का चयन विश्वविद्यालय की गठित समिति द्वारा विधिवत परीक्षण के उपरांत किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा सभी प्रतिभागियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
रवानगी से पूर्व कुलपति डॉ. एससी दुबे, कृषि संकाय अधिष्ठाता डॉ. डीके शाही, पशु चिकित्सा संकाय के डीन डॉ. एमके गुप्त, एसोसिएट डीन डॉ. डीके रूसिया, डॉ. अमृत कुमार झा, वार्डन डॉ. नीरज कुमार तथा डॉ. जेके केरकेट्टा सहित कई गणमान्य शिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
चार कर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई–
इसी अवसर पर बीएयू परिवार ने चार समर्पित कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी। मृदा विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं मुख्य वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक (प्रसार) डॉ. ललित कुमार दास, प्रसार शिक्षा निदेशालय की लिपिक ग्लोरिया बाखला तथा रांची कृषि महाविद्यालय के आदेशपाल कजरू महतो को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मियों की कार्यनिष्ठा, अनुशासन, समयबद्धता एवं मानवीय मूल्यों की सराहना की और विश्वविद्यालय के प्रति उनके योगदान को अमूल्य बताया। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी को सुखद और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ विदाई दी।

