Ranchi: इस बार मानसून ने भारत में अपनी दस्तक से सबको चौंका दिया है। केरल में मानसून ने समय से पूरे 8 दिन पहले ही एंट्री मार दी है, जिससे यह पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी आने वाला मानसून बन गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने इसकी पुष्टि की है कि मानसून ने 23 मई को केरल में कदम रखा, जबकि इसकी सामान्य तिथि 1 जून होती है।
इतना जल्दी मानसून इससे पहले केवल 2001 और 2009 में ही आया था, जब वह ठीक इसी दिन यानी 23 मई को केरल पहुंचा था। लेकिन अगर इतिहास में झांका जाए, तो 1918 में 11 मई को मानसून ने सबसे जल्दी केरल में दस्तक दी थी, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
केरल में शुरू हुई झमाझम बारिश ने न सिर्फ गर्मी से राहत दी है, बल्कि देश के बाकी हिस्सों में भी मानसून की आहट सुना दी है। दिल्ली, नोएडा, मुंबई, कोलकाता जैसे बड़े शहरों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। तेज़ बारिश, तेज़ हवाएं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।
किसानों के लिए यह समय उम्मीदों भरा है, तो आम लोगों के लिए अलर्ट का दौर भी शुरू हो गया है। समय से पहले मानसून की यह एंट्री रोमांच के साथ तैयारी की चेतावनी भी है।



