Raipur : छत्तीसगढ़ के युवाओं और छात्र-छात्राओं के लिए सरकारी नौकरी और उच्च शिक्षा से जुड़ी कई अहम घोषणाएं हुई हैं। जहां एक ओर अग्निशमन विभाग और भारतीय नौसेना ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, वहीं दूसरी ओर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में MSC केमिस्ट्री की पेमेंट सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया जारी है।
Also Read : अहमदाबाद विमान हादसा: AAIB रिपोर्ट में सामने आए हैरान करने वाले तथ्य
छात्रवृत्ति योजना में करें ऑनलाइन आवेदन
छत्तीसगढ़ के छात्र अब नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर केंद्रीय क्षेत्रीय छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत 1387 मेधावी छात्रों को आर्थिक लाभ मिलेगा। जिन छात्रों ने इस वर्ष स्नातक में प्रवेश लिया है और उनकी अंक सूची में 80 परसेंटाइल या न्यूनतम 60% अंक हैं, वे 31 अक्टूबर 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। इस योजना की सभी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया पोर्टल पर उपलब्ध है।
अग्निशमन विभाग में 295 पदों पर भर्ती
छत्तीसगढ़ फायर ब्रिगेड में स्टेशन ऑफिसर, फायरमैन, ड्राइवर, ऑपरेटर और मैकेनिक जैसे कुल 295 पदों पर सीधी भर्ती शुरू की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। फायरमैन के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास रखी गई है जबकि स्टेशन ऑफिसर के लिए B.Sc या B.E. अनिवार्य है। अन्य पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता पदानुसार निर्धारित की गई है।
भारतीय नौसेना में 1110 पद खाली
इंडियन नेवी में ग्रुप B और ग्रुप C के 1110 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। पदों के अनुसार योग्यता में नर्सिंग, फार्मेसी, प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी या 10वीं के साथ संबंधित डिप्लोमा/डिग्री की आवश्यकता है।
MSC केमिस्ट्री में एडमिशन का मौका
रायपुर स्थित पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में एमएससी केमिस्ट्री की 13 पेमेंट सीटें अभी खाली हैं। इसके लिए 11 जुलाई को दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। जो छात्र पहले से प्रवेश परीक्षा में शामिल हो चुके हैं, वे उपस्थित होकर दाखिला ले सकते हैं।



