Patna : पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पारस हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने बेऊर जेल से इलाज के लिए पैरोल पर आए कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा को गोलियों से भून दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
Also Read : ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में झारखंड की टीम रवाना
बताया जा रहा है कि चंदन मिश्रा बक्सर जिले का निवासी था और राजेंद्र केसरी हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। तबीयत खराब होने के चलते वह पिछले 15 दिनों से पारस अस्पताल में इलाजरत था। गुरुवार सुबह अपराधी सीधे अस्पताल के दूसरे तल्ले पर पहुंचे और चंदन मिश्रा को निशाना बनाकर फायरिंग की। उसे कई गोलियां लगीं, जिसके बाद हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस और पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। एसएसपी ने बताया कि हत्या के पीछे विरोधी गैंग का हाथ होने की आशंका है। पुलिस ने शूटर की तस्वीर भी प्राप्त कर ली है और बक्सर पुलिस की मदद से गैंग की पहचान की जा रही है।
इस वारदात के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने बिहार सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब राजधानी के बीचोंबीच अस्पताल में गोलीबारी हो रही है, तब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार को बर्खास्त करने और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।
पप्पू यादव ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “बिहार में महा गुंडाराज है, अब पुलिस और सरकार को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना ने बिहार में अपराध के बढ़ते ग्राफ को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



