Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सकरा थाना क्षेत्र के रुपनपट्टी मथुरापुर पंचायत स्थित नवलपुर मिश्रौलिया गांव में एक पिता ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो छोटे बेटे किसी तरह बचा लिए गए।
रविवार देर रात हुई इस घटना में मृतक की पहचान अमरनाथ राम (40) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अमरनाथ ने अपनी तीन बेटियों—राधा कुमारी (11), राधिका (9) और शिवानी (7)—को घर के अंदर फांसी पर लटका दिया। इसके बाद उसने अपने दो बेटों शिवम कुमार (6) और चंदन (4) को भी फांसी लगाने की कोशिश की, लेकिन दोनों बच्चे बच गए।
बताया जा रहा है कि फांसी लगाए जाने के बाद दोनों बेटे होश में थे और जोर-जोर से रोने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घर के अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में बच्चों को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों जीवित बच्चों को इलाज और सुरक्षा के लिए निगरानी में रखा गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक स्थिति, आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं।

