Sydney : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में बॉन्डी बीच पर हुए भीषण आतंकी हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। यह हमला यहूदी समुदाय के हनुक्का उत्सव के दौरान रविवार को किया गया, जिससे पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हमले में अब तक 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, इस हमले को एक 50 वर्षीय व्यक्ति और उसके 24 वर्षीय बेटे ने अंजाम दिया। पुलिस आयुक्त मैल लैन्योन ने बताया कि हमलावर पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता के पास छह हथियार कानूनी रूप से पंजीकृत थे। सभी हथियार बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें से कुछ घटनास्थल से मिले। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गन लाइसेंस धारक था और शिकार का शौकीन था।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हमला यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया। बॉन्डी बीच पर हुआ यह हमला ऑस्ट्रेलिया के हालिया इतिहास के सबसे भयावह आतंकी हमलों में गिना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच जारी है।

