Ranchi : झारखंड में घना कोहरा और शीतलहर अब आम जनजीवन को प्रभावित करने लगा है। रविवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में कुहासा इतना घना रहा कि विमान और ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। रांची समेत कई जिलों में दृश्यता 600 से 1000 मीटर के बीच दर्ज की गई, जबकि सामान्य दृश्यता 2000 मीटर से अधिक होती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कोहरे का असर और बढ़ सकता है। इससे ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज होगी और कनकनी में इजाफा होगा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 9.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि गुमला में सबसे कम 7.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
✈️ फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
खराब मौसम के कारण रविवार को रांची आने वाली चार उड़ानें रद्द रहीं। कोलकाता-रांची इंडिगो की दो उड़ानें, मुंबई-रांची एयर इंडिया एक्सप्रेस और हैदराबाद-रांची की एक उड़ान रद्द कर दी गई। इसके अलावा दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाली कई फ्लाइट्स 1 से 2 घंटे देरी से पहुंचीं।
🚆 ट्रेनें भी लेट
कोहरे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस दो घंटे, खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस दो घंटे और रक्सौल-हटिया एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से रांची पहुंची। हटिया-एलेप्पी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से विलंब से रवाना हुई।
🌡️ मौसम वैज्ञानिक की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में वातावरण साफ रहने के कारण सर्द हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। आने वाले दिनों में कुहासा और शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। लोगों को सुबह और देर रात विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

