Latehar : झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लातेहार पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हेरहंज थाना क्षेत्र के सेरेनदाग जंगल में चलाए गए अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए करीब 5 किलो वजनी सिलेंडर बम बरामद किए गए।
समय पर कार्रवाई होने से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया। बम मिलने के तुरंत बाद बम निरोधक दस्ता को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर सिलेंडर बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, नक्सलियों ने यह विस्फोटक सुरक्षा बलों के गश्ती दल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से जंगल में छिपाकर रखा था।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ महीनों में लातेहार में नक्सली गतिविधियों में कमी आई है। सुरक्षा बलों के लगातार दबाव के चलते नक्सली कमजोर पड़े हैं और इलाके में छिपकर अपनी मौजूदगी बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखने की बात कही है।

