- शिव-पार्वती की आराधना के साथ विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा भव्य आयोजन
मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी रांची के सुकुरहुटू क्षेत्र में आयोजित होने वाली पारंपरिक चंडक पूजा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। श्री श्री महावीर मंडल चंडक पूजा समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता की अद्भुत छटा देखने को मिलेगी। पूरे क्षेत्र को आकर्षक फूल-मालाओं, धार्मिक झांकियों और रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप दिया जा रहा है।
समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 मई 2026 को डगर पूजा के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 11 मई को पारंपरिक पाट शादी, 20 मई को फूलखुंदी तथा 21 मई को झूलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 21 मई की शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती की कृपा से यह आयोजन वर्षों से श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न होता आ रहा है। चंडक पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश एवं स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
समिति ने क्षेत्रवासियों सहित सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा को सफल बनाने की अपील की है।



