Ranchi: सहायक अध्यापक महासंघ सह संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नारायण महतो एवं जिला महासचिव सुखदेव हाजरा के नेतृत्व में राज्य के नगर विकास, पर्यटन एवं उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने सहायक अध्यापकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार पारा शिक्षकों के हित में दिए गए ऐतिहासिक फैसले को जल्द लागू करने की मांग की। साथ ही राज्य के सभी सहायक अध्यापकों को वेतनमान अथवा वेतनमान समतुल्य मानदेय देने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख मांगें
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखीं—
- राज्य के सभी सहायक अध्यापकों को वेतनमान/वेतनमान समतुल्य मानदेय दिया जाए।
- करीब 45 हजार आकलन पास एवं सीटेट सहायक अध्यापकों को टेट के समकक्ष मान्यता दी जाए।
- सहायक अध्यापकों, CRP-BRP, KGBV शिक्षिकाओं एवं परियोजना कर्मियों के मार्च और अप्रैल माह के लंबित मानदेय का अविलंब भुगतान किया जाए।
- आगामी टेट परीक्षा में सभी सहायक अध्यापकों को कार्यानुभव के आधार पर 20 अंकों का वेटेज (ग्रेस) दिया जाए।
- सेवा शर्त नियमावली 2021 एवं 28 अगस्त 2024 के समझौते के बिंदुओं—अनुकंपा, मानदेय वृद्धि और कल्याण कोष—को जल्द लागू किया जाए।
- जिले के 269 सहित राज्य के 961 सहायक अध्यापकों के स्थगित मानदेय का भुगतान किया जाए।
- वर्ष 2018 के पारा शिक्षक आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाए।
- वर्ष 2020 में जीरो बायोमेट्रिक अटेंडेंस के कारण रोके गए मानदेय का भुगतान किया जाए।
- शहरी क्षेत्र के सहायक अध्यापकों को 4 प्रतिशत वार्षिक मानदेय वृद्धि का लाभ दिया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को सुप्रीम कोर्ट के फैसले से संबंधित दस्तावेज भी सौंपे और सबसे पहले दो माह के लंबित मानदेय भुगतान की मांग की।
मंत्री ने दिया आश्वासन
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मानदेय भुगतान से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे जल्द ही शिक्षा विभाग के सचिव और निदेशक से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि 15 मई तक जिला और राज्य स्तर की समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नारायण महतो और जिला महासचिव सुखदेव हाजरा ने कहा कि पिछले दो महीनों से मानदेय भुगतान नहीं होने के कारण सहायक अध्यापक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो जिला से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर सदर प्रखंड सचिव मनोज कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष बख्शी रमेश, ठाकुर दास, रियाजुल अंसारी, नीरज कुमार, गीता राज समेत कई सहायक अध्यापक मौजूद थे।



