बरकट्ठा: गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर पातीतिरी मोड़ के समीप रविवार सुबह चार ट्रकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। बताया जा रहा है कि बगोदर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इसके पीछे चल रहे तीन अन्य ट्रक एक-एक कर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक चालक ट्रक के केबिन में ही फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान वैशाली जिला निवासी 34 वर्षीय जयकुमार राय, पिता लालजीत राय के रूप में हुई है। वहीं बदलापुर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव, पिता रामसेवक यादव तथा चंदवारा थाना क्षेत्र निवासी 52 वर्षीय बलवान कुम्हार, पिता मंगलू कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और गोरहर पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसके बाद पीछे से आ रही ट्रक संख्या एमएच 48 एवाई 4407 उससे टकरा गई। फिर ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 19एच 6055 और अंत में ट्रक संख्या जेएच 10डीडी 0388 भी आपस में भिड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोरहर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



