- सरना स्थल में धरती मां को नमन कर नई दिल्ली के जनजातीय सांस्कृतिक समागम के लिए भावुक विदाई
मुकेश रंजन
Ranchi : जनजातीय परंपरा, संस्कृति और अस्मिता की गौरवशाली पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से धुर्वा क्षेत्र के सैकड़ों लोग रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। ये सभी 24 मई 2026 को लाल किला मैदान में आयोजित होने वाले भव्य जनजातीय सांस्कृतिक समागम में हिस्सा लेंगे।
इस सांस्कृतिक यात्रा का नेतृत्व मेघा उरांव, रवि प्रकाश उरांव, राजू उरांव, बबलू उरांव, जय मंत्री उरांव एवं सुशीला उरांव ने संयुक्त रूप से किया। रवाना होने से पूर्व धुर्वा सरना पूजा स्थल में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां सभी लोगों ने अपने देवी-देवताओं एवं धरती मां को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
धुर्वा, रांची के पहान कंचन होरों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी प्रतिभागियों को विदा किया। इस दौरान सरना स्थल में पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
समागम में शामिल होने जा रहे लोगों ने कहा कि यह आयोजन जनजातीय संस्कृति, लोक कला, परंपरा और सामाजिक एकता को देशभर में नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। पूरे क्षेत्र में इस यात्रा को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।



