पूर्वी सिंहभूम: जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित तुरियाबेड़ा के धर्माबांधा में मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। घरेलू कलह के दौरान एक होटल संचालक ने अपनी पत्नी के सिर पर खलबट्टे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके पति बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल का संचालन करते हैं। मंगलवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर बापी मंडल ने घर में रखे खलबट्टे से गीता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गीता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से संबंधों को लेकर तनाव चल रहा था। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर उसे आपत्ति थी। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और मामला थाना तक पहुंचा था, जहां समझौता कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, बापी मंडल और गीता मंडल दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के पहले विवाह से दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थीं। मंगलवार रात पुराना विवाद फिर उभरने के बाद बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


