पूर्वी सिंहभूम: जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में गौ तस्करी से जुड़े एक संदिग्ध मामले का खुलासा हुआ है। बांगुड़दा साहेब बांध के समीप बुधवार तड़के एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से पुलिस ने दो गायों को बरामद किया। घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे झाड़ियों में फंसी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो देखी। वाहन के भीतर गायों के होने की सूचना मिलने पर कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों गायों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें संरक्षण में रखा गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और झाड़ियों में जा घुसी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों ने स्कॉर्पियो को निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर वे गायों और वाहन को छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस को जब्त स्कॉर्पियो पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं मिली है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गायों को कहां से लाया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गौ तस्करी की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


