मुकेश रंजन
Ranchi: नीरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल, कांके में मंगलवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साइबर सिक्योरिटी एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर सिक्योरिटी) प्रदीप कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस निरीक्षक (साइबर सिक्योरिटी) आर.के. मिश्रा, डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड जोन-जे के क्षेत्रीय पदाधिकारी एस.के. मिश्रा, कांके थाना के निरीक्षक कुणाल कुमार एवं उपनिरीक्षक अरविंद कुमार उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में पुलिस निरीक्षक आर.के. मिश्रा ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है, जबकि नशा युवाओं की प्रतिभा, क्षमता और उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा एवं संप्रभुता के लिए भी चुनौती बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा खेल, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी सत्र में विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी तथा नशा उन्मूलन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। अतिथियों ने सरल एवं प्रभावशाली ढंग से उनके उत्तर देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन-जे के क्षेत्रीय पदाधिकारी एस.के. मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से दक्ष बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों से सशक्त, सामाजिक रूप से उत्तरदायी तथा डिजिटल रूप से जागरूक बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय के इस सार्थक प्रयास की सराहना की।
विद्यालय की प्राचार्या किरण यादव ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की सुरक्षा, जागरूकता और व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर ऐसे जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की वरीय शिक्षिका अनामिका हर्षवर्धन, सुदीप चक्रवर्ती एवं निवेदिता सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया।



