मुकेश रंजन
Ranchi : कांके स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) में संस्थान के इतिहास की पहली मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य नशा मुक्ति, शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
मैराथन का शुभारंभ रिनपास की निदेशक डॉ. ज्योति सिमलाई ने किया। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, खेलकूद और सामुदायिक गतिविधियों में सहभागिता मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बताया।
मैराथन में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, विद्यार्थियों, सुरक्षा कर्मियों, स्वच्छता कर्मचारियों तथा अन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश देखते ही बन रहा था। दौड़ के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की गई। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।



