Ramgarh : झारखंड के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में सोमवार को दर्शन के लिए लगी कतार में श्रद्धालुओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। घटना से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बिहार और हजारीबाग से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और मारपीट करने लगे।
पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद सभी संबंधित लोगों को रजरप्पा थाना ले जाया गया।
लिखित माफीनामे के बाद मामला शांत
थाने में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। पुलिस ने समझाइश देकर विवाद शांत कराया और दोनों पक्षों से लिखित माफीनामा लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।



