Mumbai : रियलिटी शो लॉक अप के प्रीमियर में अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह अपने पति और टीवी अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक लेने जा रही हैं।
‘एक्सपोज कार्ड’ टास्क में किया खुलासा
शो के प्रीमियर के दौरान ‘एक्सपोज कार्ड’ टास्क में सभी प्रतियोगियों से अपने जीवन का कोई बड़ा राज साझा करने के लिए कहा गया। इसी दौरान आकांक्षा ने कहा,
“मैं और गौरव तलाक ले रहे हैं। हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब तक यह बात सार्वजनिक नहीं हुई थी। यही मेरा राज है।”
यह बात कहते हुए वह भावुक भी हो गईं।
आपसी सहमति से लिया फैसला
आकांक्षा ने स्पष्ट किया कि अलग होने का फैसला दोनों ने आपसी सहमति से लिया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से दोनों इस विषय पर बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “यह हमारा आपसी फैसला है। हम काफी समय से इस पर चर्चा कर रहे थे।”
“आज भी हमारे रिश्ते अच्छे हैं”
आकांक्षा ने कहा कि अलग होने के बावजूद उनके और गौरव के बीच रिश्ते सौहार्दपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा, “मेरे और गौरव के बीच सब ठीक है। हम आज भी एक-दूसरे से बात करते हैं। हमें लगता है कि हम जीवनसाथी के रूप में एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं, क्योंकि भविष्य को लेकर हमारी सोच काफी अलग है। दुर्भाग्य से वह भविष्य एक-दूसरे के साथ नहीं है।”
ऑडिशन से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया और 24 नवंबर 2016 को गौरव खन्ना के गृह नगर कानपुर में विवाह किया था।
करीब एक दशक साथ रहने के बाद अब दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को समाप्त करने का फैसला किया है।



