- डॉ. बी. पी. केशरी प्रतिभा सम्मान’ की घोषणा, 92% से अधिक अंक लाने वाली दो छात्राओं को मिलेगा ₹5-5 हजार का सम्मान
मुकेश रंजन
Ranchi : झारखंड की सांस्कृतिक चेतना, नागपुरी भाषा-साहित्य के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद, इतिहासकार, समाजसेवी एवं झारखंड आंदोलन के अग्रणी चिंतक डॉ. बी. पी. केशरी की 94वीं जयंती प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय, पिठोरिया में श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ. हरीश कुमार चौर ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि यह दिन केवल एक महान व्यक्तित्व को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि डॉ. बी. पी. केशरी ने अपने संपूर्ण जीवन से यह सिद्ध किया कि समाज, संस्कृति और मातृभाषा के प्रति निष्ठापूर्वक किया गया कार्य पीढ़ियों तक प्रेरणा देता है। उन्होंने झारखंड की जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं, विशेषकर नागपुरी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और शोध में जो अमूल्य योगदान दिया, वह सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन के निदेशक सुजीत कुमार केशरी ने कहा कि झारखंड सदैव डॉ. बी. पी. केशरी का ऋणी रहेगा। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा, शोध और सामाजिक समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन के निदेशक सुजीत कुमार केशरी, शेखर कुमार एवं दीपक चौरसिया ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि मैट्रिक परीक्षा 2026 में 92 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं रोशनी कुमारी (94.4%) एवं शैली कुमारी (93.2%) को आगामी 15 अगस्त 2026 को ‘डॉ. बी. पी. केशरी प्रतिभा सम्मान’ के अंतर्गत ₹5,000-₹5,000 की प्रोत्साहन राशि तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में रामलगन महली, राजेश साहू, मुकेश कुमार केशरी, विजय कुमार पांडेय, नीरज कुमार देव, सचित राणा, रंजीत तिर्की, संगीता केशरी, सुशित, आशीष, विनय, अमृता, प्रियंका, सरिता, हेमा, मार्गेट, अनूप, आरती, नित्या, शिवानी एवं रानी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



