Ranchi : राजधानी रांची के मेन रोड स्थित राज अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत और कथित तौर पर 22 लाख रुपये का बिल बनाए जाने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट का संज्ञान लेते हुए मंजूनाथ भजंत्री को पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

सड़क हादसे में पैर टूटा, इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के अनुसार, यह मामला करीब एक सप्ताह पुराना है। लातेहार निवासी 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसमें उसका पैर टूट गया था। उसे करीब 40 दिन पहले राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उसके पैर में संक्रमण (इन्फेक्शन) हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
22 लाख रुपये का बिल थमाने का आरोप
मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा परिजनों को 22 लाख रुपये का बिल दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया
परिजनों के आग्रह पर मृतक का पोस्टमार्टम राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में कराया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल जिला प्रशासन मामले की जांच करेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



