Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत खरसीदाग ओपी इलाके से 23 वर्षीय एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक युवक कथित तौर पर उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहा था। लगातार मिल रही धमकियों के कारण युवती मानसिक तनाव में थी।
परिजनों के अनुसार, युवती 6 जुलाई को बिना किसी को बताए घर से निकल गई। वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई, जबकि आधार कार्ड अपने साथ लेकर गई है। मोबाइल घर में होने के कारण परिवार को उससे संपर्क करने या उसकी लोकेशन का पता लगाने में कठिनाई हो रही है।
बताया गया है कि युवती के पिता एक सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं। करीब पांच वर्ष पहले परिवार दिल्ली से रांची आकर खरसीदाग क्षेत्र में रहने लगा था।
परिवार का कहना है कि कुछ समय पहले युवती की इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद युवक कथित तौर पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगा। परिजनों का आरोप है कि लगातार ब्लैकमेलिंग के कारण युवती मानसिक दबाव में थी और संभवतः इसी वजह से वह घर छोड़कर चली गई।
परिजनों की शिकायत पर खरसीदाग ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी टीम की मदद से युवती के सोशल मीडिया अकाउंट, चैट और कथित आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही युवती की संभावित लोकेशन का भी पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। साथ ही ब्लैकमेलिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है।



