Ranchi : राजधानी रांची के बुढ़मू अंचल के अंचल अधिकारी (सीओ) को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एसीबी की यह कार्रवाई एक राजस्व कर्मचारी से पूछताछ के बाद की गई।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी ने पहले बुढ़मू अंचल कार्यालय में पदस्थापित एक राजस्व कर्मचारी से पूछताछ की। उसके बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अंचल अधिकारी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल एसीबी की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि पूछताछ किस मामले में की जा रही है या किन आरोपों के संबंध में कार्रवाई की गई है।
एसीबी की टीम मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूछताछ जारी है।



