गोपेश्वर : बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी को रविवार देर रात देहरादून से हिरासत में लिया गया। इसके बाद एसआईटी उसे बदरीनाथ लेकर पहुंची, जहां बदरीनाथ थाने में उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि 2 जुलाई को बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आया था। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई।
प्रारंभिक जांच में मंदिर के चढ़ावे के रखरखाव और जमा करने की प्रक्रिया में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के बाद उसे देहरादून से हिरासत में लिया।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी मामले से जुड़े दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है।



