पूर्णिया। 25 जुलाई को आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर पथराव और मीडिया कर्मियों के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने 29 नामजद और 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने घटनास्थल से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
प्राथमिकी के अनुसार, प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपा। अधिकारियों से वार्ता के बाद छात्र शांतिपूर्वक लौट गए। इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक और उपद्रवी तत्वों ने कथित रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के नेतृत्व में एसडीएम, दंडाधिकारियों और पुलिस बल की संवेदनशील स्थानों पर पहले से तैनाती की गई थी। प्रशासन का कहना है कि आंदोलनकारियों से संवाद कर उन्हें शांतिपूर्वक वापस भेजा गया, जिससे शहर में बड़े पैमाने पर उपद्रव और आगजनी की आशंका को समय रहते टाल दिया गया।
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अमौर, रौटा, बैसा, बायसी, चिमनी बाजार, कसबा, बनभाग, माधोपाड़ा, अली टोला, लाइन बाजार, मधुबनी और डीएवी कॉलेज क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों से आए कुछ लोग भीड़ में शामिल थे। आरोप है कि उपद्रवियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, वाहनों, सीसीटीवी कैमरों और सरकारी प्रचार सामग्री को नुकसान पहुंचाया तथा पुलिस पर पथराव किया। सड़क जाम होने से एम्बुलेंस और आम लोगों के वाहन भी फंस गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सीमित बल प्रयोग किया। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटनास्थल पर समाचार संकलन कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। पत्रकारों पर हुए कथित हमले की विभिन्न पत्रकार संगठनों ने निंदा की है।
प्राथमिकी में सौर्य राय, साजिद, दिलीप राय, अजय भारती, अली खान (स्कूल संचालक), कुमार आदित्य, नदीम सरवर, शेख सेफुद्दीन अली, यासीर अराफात, शिवम कुमार गोस्वामी, डॉ. अल्ताफ, डॉ. सब्बीर, मो. अली, मो. आरजू हक, विक्रम पासवान (भीम आर्मी), मो. मोशरफ आलम उर्फ प्रिंस, यजदानी राज, फैजल राज, अजमेर करीम, सद्दाम हुसैन, मो. सहबाज आलम, शेख सद्दाम, मो. इरशाद पुरनवी, मो. अजमेर, मो. निक्की, मो. चाहत, मो. अकरम रजा, अल्ताफ हुसैन और मो. अली अहमद खां को नामजद किया गया है। इसके अलावा 200 से 250 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


