Deoghar : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ बुधवार को गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में पूरे धार्मिक उल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ। झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना, ढोल-नगाड़ों और ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।
शुभारंभ समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह), देवेंद्र कुंवर, मेयर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही इस विशाल आयोजन का सफल संचालन संभव है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष करीब 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
स्वच्छ और सुरक्षित मेले पर सरकार का जोर
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर इस वर्ष मेले की बेहतर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही कांवरिया पथ पर पीसीसी निर्माण और बालू रोकने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी भी दी।
विधायक देवेंद्र कुंवर ने श्रावणी मेले को आस्था और श्रद्धा का महापर्व बताते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से ही इसका सफल संचालन संभव है। विधायक उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह) ने मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की, जबकि विधायक सुरेश पासवान ने उद्घाटन के दिन अनुकूल मौसम को शुभ संकेत बताते हुए देवघर में ओवरब्रिज और पर्यटन स्थलों के विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही ‘बोल बम’ के जयघोष के बीच कांवरियों का बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर लगातार आगमन शुरू हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दुम्मा बॉर्डर से लेकर पूरे कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, डीडीसी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, खेल पदाधिकारी, झामुमो जिला अध्यक्ष सह मंत्री प्रतिनिधि, बीससूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, अवधेश कुमार, सुरेश साह, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


