Ranchi: : राजधानी रांची में JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच गुरुवार को झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और सत्र के सफल, गरिमामय एवं सार्थक संचालन की शुभकामनाएं दीं।
मास्क पहनकर पहुंचे बीजेपी विधायक
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विरोध प्रदर्शन के अनोखे अंदाज में मास्क पहनकर पहुंचे। मास्क पर लिखा था—
“न्याय चाहिए, धोखा नहीं। JPSC, JSSC-CGL सहित सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराओ।”
भाजपा विधायकों ने सदन में खड़े होकर JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया और सभी भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग की। इसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष का संबोधन भी शुरू हुआ।
सरकार ने पेश की एक्शन टेकेन रिपोर्ट
सत्र के दौरान संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बजट सत्र में सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों पर एक्शन टेकेन रिपोर्ट (ATR) सदन के पटल पर रखी।
शुक्रवार तक स्थगित हुई कार्यवाही
शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इस बीच विधानसभा के बाहर JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है, जिससे भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।










