Ranchi : राजधानी रांची के गुदड़ी चौक में कथित रूप से केमिकल और पानी मिलाकर नकली दूध तैयार किए जाने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रांची के सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
सिविल सर्जन ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो शुक्रवार को संबंधित प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर पूरे मामले की जांच करेगी।
केमिकल और पानी मिलाकर दूध बनाने का आरोप
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गुदड़ी चौक स्थित एक प्रतिष्ठान में कथित तौर पर केमिकल, पानी और अन्य पदार्थों की मिलावट कर दूध तैयार किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इस दूध की आपूर्ति रांची के विभिन्न इलाकों में की जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है।
दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. अमरेश प्रसाद ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एक गंभीर और कानूनन दंडनीय अपराध है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठान और उसके संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों को पूरे मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से भी की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित रूप से बाजार की निगरानी करता है और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाता रहता है।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं दूध या अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका हो या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने दोहराया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










