- रांची के मंडा बगीचा में देर रात वारदात से मचा हड़कंप, गोली चलाने वाले युवकों की तलाश में पुलिस की छापेमारी
मुकेश रंजन
Ranchi : बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब दो बजे शराब पार्टी के दौरान आपसी विवाद के बाद गोली चलने से सनसनी फैल गई। गोलीबारी में टोनी लोहरा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को रिम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है।
शराब पीने के दौरान बढ़ा विवाद, अचानक गूंजी गोली की आवाज
बताया जाता है कि रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक एकत्र होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अचानक गोली चलने की आवाज गूंज उठी। गोली टोनी लोहरा के पेट में जा लगी।
गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के लोग जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक गोली चलाने वाले युवक वहां से फरार हो चुके थे। घायल टोनी लोहरा मूल रूप से कमड़े (रातू) का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने गोलीबारी की घटना में शामिल युवकों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद के बाद हुई गोलीबारी का प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
असामाजिक तत्वों का अड्डा बन रहा मंडा बगीचा!
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंडा बगीचा क्षेत्र में देर रात तक युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां शराब पीने और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। लोगों का आरोप है कि सुनसान और खुले क्षेत्र का फायदा उठाकर कुछ युवक देर रात तक शराब पार्टी करते हैं।
रविवार देर रात हुई गोलीबारी ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से मंडा बगीचा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस गोलीबारी में शामिल युवकों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।



