National Film Awards 2026: गुजरात के एकता नगर में 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन किया गया। 22 सितंबर 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सिनेमा के कलाकारों, फिल्मकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। इस बार कार्तिक आर्यन और ममूटी को संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर, जबकि यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान मिला। ‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म चुना गया। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा इससे पहले 18 जुलाई 2026 को की गई थी। ये पुरस्कार वर्ष 2024 में प्रमाणित फिल्मों की उपलब्धियों के लिए दिए गए हैं।
कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड
अभिनय के क्षेत्र में इस साल दो कलाकारों ने संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का पुरस्कार हासिल किया। कार्तिक आर्यन को हिंदी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’, जबकि ममूटी को मलयालम फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए यह सम्मान दिया गया। वहीं, यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस इन लीडिंग रोल का पुरस्कार मिला। फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिया गया।
‘आर्टिकल 370’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ को भी बड़े सम्मान
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में कई चर्चित फिल्मों ने प्रमुख श्रेणियों में जगह बनाई।
- बेस्ट फीचर फिल्म: ‘आर्टिकल 370’
- बेस्ट डायरेक्शन: राजकुमार पेरियासामी, ‘अमरन’
- बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट: ‘कल्कि 2898 एडी’
- बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर: रणदीप हुड्डा, ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’
- बेस्ट फीचर फिल्म प्रमोटिंग नेशनल, सोशल एंड एनवायरनमेंटल वैल्यूज: ‘कैप्टन मिलर’
- बेस्ट चिल्ड्रन फिल्म: ‘35-चिन्ना कथा काडु’
संजय मिश्रा समेत इन कलाकारों को भी मिला सम्मान
हिंदी फिल्म ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार मिला। बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार ‘महाराजा’ के लिए सचाना नामिदास और ‘मिथ्या’ के लिए रूपश्री वारकडी के बीच साझा हुआ। तमिल सिनेमा में ‘रायन’ को बेस्ट तमिल फीचर फिल्म का सम्मान मिला। वहीं ‘कैप्टन मिलर’ को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया।
‘पुष्पा 2’, ‘स्त्री 2’ और ‘मैदान’ को भी पुरस्कार
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बड़ी फिल्मों के साथ तकनीकी और संगीत से जुड़े कलाकारों को भी सम्मान मिला। ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’ के लिए स्क्रीनप्ले और कॉस्ट्यूम डिजाइन जैसी श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। ‘स्त्री 2’ के गाने के लिए कोरियोग्राफी का सम्मान मिला, जबकि ‘मैदान’ के गीत के लिए मनोज मुंतशिर को बेस्ट लिरिक्स का पुरस्कार मिला। ‘आर्टिकल 370’ के लिए शाश्वत सचदेव को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन (सॉन्ग्स) का सम्मान मिला। ‘कल्कि 2898 एडी’ के लिए प्रोडक्शन डिजाइन का पुरस्कार भी दिया गया।
अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
समारोह में दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
दिल्ली से बाहर हुआ राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह
इस बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन दिल्ली के बजाय गुजरात के एकता नगर में किया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को देश के अलग-अलग प्रमुख पर्यटन स्थलों तक ले जाने की पहल की गई है। एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी स्थित है। मंत्रालय ने आने वाले वर्षों में भी समारोह को अलग-अलग शहरों और राज्यों में आयोजित करने की योजना बताई है। 1954 में शुरू हुए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों ने सात दशक से अधिक समय में भारतीय सिनेमा के अलग-अलग भाषाई क्षेत्रों, रचनात्मक प्रतिभाओं और तकनीकी उपलब्धियों को सम्मानित किया है। 72वें संस्करण में भी हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, मराठी और अन्य भाषाओं की फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान मिला।



