- बेटी की मौत को बताया सुनियोजित साजिश, सोशल मीडिया वीडियो और बयानों की जांच कराने की मांग; निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की आवाज भी तेज
Ranchi : आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब उनके पिता हंदू भगत ने पिठोरिया थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पिठोरिया थाना के सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास ने प्राप्त किया है।
हंदू भगत ने अपने आवेदन में बेटी की मौत को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई हत्या बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि निशा भगत को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए और झूठे आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की भूमिका की जांच की मांग
पिता ने अपने आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि निशा भगत को घर से बाहर आने-जाने के दौरान भी परेशान किया जाता था। लगातार कथित प्रताड़ना के कारण वह काफी परेशान रहती थीं।
हंदू भगत ने पुलिस से आग्रह किया है कि निशा भगत की मौत से पहले सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो और उनके बयानों को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाए। उन्होंने वीडियो में जिन लोगों का नाम लिया गया है, उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फेसबुक लाइव के बाद हुई थी निशा भगत की मौत
गौरतलब है कि 6 नवंबर को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में निशा भगत का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस के अनुसार, उनकी मौत आत्महत्या से हुई थी। इससे पहले निशा भगत फेसबुक लाइव पर आई थीं, जहां उन्होंने रोते हुए अपनी परेशानियां साझा की थीं।
लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए थे। उनके इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।
CBI जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतरे युवा
निशा भगत की मौत के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच और CBI से जांच कराने की मांग उठ रही है। इसी क्रम में नगड़ी चेकपोस्ट के पास युवाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और मामले की CBI जांच कराने की मांग की।
फिलहाल, पिता की ओर से दिए गए आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच होना बाकी है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



