Ranchi : रांची विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की बुनियादी समस्याओं को लेकर अबुआ अधिकार मंच झारखंड का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कुलपति श्री अजीत कुमार सिन्हा से मिला। मंच ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित छात्र सुविधाओं को लेकर छह प्रमुख मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अभिषेक शुक्ला ने किया।
Also Read : रांची में कोविड फिर सक्रिय, प्रशासन ने जारी की नई एडवाइजरी
ज्ञापन सौंपते हुए मंच ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर इन मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन की राह अपनाएंगे। छात्रों का कहना है कि विवि प्रशासन की उदासीनता के कारण शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।
छात्रों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
- वाणिज्य भवन और छात्रावास का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए।
- पीजी कैंपस में वाई-फाई, स्वच्छता और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- दीक्षांत समारोह के लिए अस्थायी मंडप का निर्माण कराया जाए।
- कक्षाओं में एसी सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि गर्मी में पढ़ाई बाधित न हो।
- लंबे समय से निष्क्रिय पड़े प्लेसमेंट सेल को पुनः सक्रिय किया जाए ताकि छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
कुलपति श्री अजीत कुमार सिन्हा ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि छात्रावास की सुविधा को जल्द शुरू किया जाएगा और बाकी मांगों पर भी प्राथमिकता के साथ विचार किया जाएगा।
हालांकि, अबुआ अधिकार मंच ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाता, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक माहौल के लिए है।
प्रतिनिधिमंडल में बिपिन यादव, दिवाकर प्रजापति, राहुल यादव, सुदीप मिंज, अपूर्व शुक्ला, प्रतीक्षा, विराट उरांव और अंजना लिंडा सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि शामिल थे।



