Ranchi : राजधानी रांची में एक बार फिर कोविड संक्रमण के मामलों में संभावित वृद्धि की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी नागरिकों से सतर्कता बरतने और स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इसके साथ ही प्रशासन ने संबंधित विभागों को कोविड से जुड़ी तैयारियों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
Also Read : जू में अब जानवरों को किया जा सकता है गोद
जारी की गई एडवाइजरी में नागरिकों को लक्षण दिखाई देने पर तत्काल मास्क पहनने और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। हल्के लक्षण जैसे बुखार, खांसी, या बहती नाक होने पर घर में ही रहकर उपचार करने को कहा गया है।
प्रमुख बिंदु जो एडवाइजरी में शामिल हैं:
- हल्के लक्षणों की स्थिति में मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।
- संक्रमण की स्थिति में व्यक्ति को भरपूर पानी पीने, ऑक्सीजन स्तर की निगरानी करने और डॉक्टर से संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।
- बिना बैक्टीरियल लक्षणों के एंटीबायोटिक का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी गई है।
- यदि ऑक्सीजन स्तर 93% से कम हो या सांस लेने में कठिनाई हो, तो तुरंत चिकित्सीय सहायता लें।
- बुजुर्गों और अन्य बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि बचाव ही सबसे कारगर उपाय है। इसलिए आम लोगों से अपील की गई है कि वे नियमित रूप से हाथ धोते रहें, मास्क पहनें और सार्वजनिक स्थलों पर सावधानी बरतें। साथ ही, लक्षण दिखते ही जांच कराएं और स्वयं को आइसोलेट करें।
यह एडवाइजरी रांची में कोविड की स्थिति को नियंत्रण में रखने और स्वास्थ्य प्रणाली पर दबाव को कम करने के उद्देश्य से जारी की गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि जरूरी हुआ तो आगे और कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

