पीरपैंती: शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामाजिक दायित्व निभाते हुए अदाणी फाउंडेशन ने पीरपैंती प्रखंड के मध्य विद्यालय टड़वा में एक सराहनीय पहल की। 16 दिसंबर 2025 को आयोजित कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के 350 विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग और नोटबुक का वितरण किया गया। इसके साथ ही बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में आरओ वाटर कूलर भी स्थापित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान रहे। उन्होंने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इससे न केवल छात्रों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी, बल्कि उनके स्वास्थ्य में भी सुधार होगा।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, अंचलाधिकारी चन्द्रशेखर कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बलदेव ठाकुर, ओलापुर पंचायत के मुखिया गुलसागर रजक, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय चंद्र भारती सहित शिक्षकगण और अदाणी फाउंडेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और अदाणी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की पहल से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूती मिलती है।
विद्यालय प्रबंधन ने भी इस सहयोग के लिए अदाणी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल बैग, नोटबुक और आरओ कूलर जैसी सुविधाएं बच्चों के लिए लंबे समय तक उपयोगी साबित होंगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।






