Ranchi : झारखंड में ठंड के साथ अब घने कुहासे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे हवाई और सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। शनिवार को घने कुहासे के कारण दिल्ली से रांची आ रही एक फ्लाइट को डायवर्ट कर भुवनेश्वर भेजना पड़ा, जबकि दो अन्य विमानों को लगभग दो घंटे की देरी से लैंडिंग की अनुमति मिली।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह रांची में दृश्यता 500 मीटर से भी कम दर्ज की गई। यही स्थिति जमशेदपुर में भी रही, जहां दृश्यता 500 मीटर और देवघर में 700 मीटर तक सीमित रही। कुहासे के कारण न सिर्फ उड़ानों पर असर पड़ा, बल्कि सुबह के समय सड़कों पर भी वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले पांच दिनों तक झारखंड में कुहासा और घना हो सकता है। हालांकि ठंड की तीव्रता में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है। शाम ढलने के बाद और सुबह के समय कुहासे का प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। रांची का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। कांके में पारा गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे ठंड और कनकनी का असर ज्यादा महसूस किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 18 दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुबह-शाम अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।






