Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर इलाके में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद कुछ युवकों ने 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई की और फिर कथित तौर पर कार से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
मृतक की पहचान अंकित कुमार सिंह (25) के रूप में हुई है, जो गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के हरिगांवा गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह ने गढ़वा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज कराई है।
📝 नामजद आरोपियों पर साजिशन हत्या का आरोप
प्राथमिकी में पलामू के लेस्लीगंज निवासी राजमनी सिंह के पुत्र रमनदीप सिंह, रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान समेत चार-पांच अन्य युवकों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि मामला दर्ज कर उसे लालपुर थाना को स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के आरोपियों की पहचान मृतक के मित्र अर्णव उर्फ सेजल ने की है।
🍽️ मून डिस्को बार के बाहर हुआ विवाद
एफआईआर के अनुसार, सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित और उसके दोस्तों अर्णव उर्फ सेजल तथा आकाश के साथ रविवार रात लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार में खाना खाने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद युवकों के एक समूह से विवाद हो गया।
बार से बाहर निकलने के बाद आरोप है कि दूसरे समूह के एक युवक ने अंकित को गाली दी, जिससे कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने अंकित को बेरहमी से पीटा और फिर उस पर कार चढ़ा दी।
🚑 अस्पताल में घोषित किया गया मृत
घटना में सत्यप्रकाश सिंह और आकाश को भी चोटें आईं। आरोपियों के मौके से फरार होने के बाद घायल अंकित को रांची सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर किया गया।
रिम्स में डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हेल्थ प्वाइंट हॉस्पिटल भी ले गए, जहां भी डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
🚔 जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने बताया कि सभी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



